गुजरात: 1.5 लाख में बेची जा रही थी एक माह की मासूम, रिश्तेदार ही निकले सौदागर
गुजरात के साबरकांठा जिले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक महीने की मासूम बच्ची को 1.5 लाख रुपये में बेचने का आरोप है। मानव तस्करी विरोधी यूनिट को मिली एक गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने इडर-हिम्मतनगर हाईवे पर सौदा होने से ठीक पहले इस गिरोह को धर दबोचा।
जांच में खुलासा- रिश्तेदारों ने ही बेचा था बच्ची को
लेकिन यह मामला सिर्फ एक घटना तक ही सीमित नहीं था। जांच में एक बड़े मानव तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी साजिश में बच्ची के अपने ही रिश्तेदार भी शामिल थे। ये रिश्तेदार कुछ बिचौलियों के साथ मिलकर काम कर रहे थे और बच्ची को मुंबई की एक महिला को बेचने की योजना बना रहे थे, जिसका नाम कविता बताया जा रहा है।
पुलिस अभी भी 2 लोगों की तलाश कर रही है, जो फरार हैं। इनमें एक महिला बिचौलिए भी शामिल है, जिस पर पहले भी अलग-अलग शहरों में लगभग 12 बच्चों को बेचने का शक है। पुलिस ने कहा है कि वह इस मामले में शामिल सभी दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।