लोहागढ़ किले के कर्मचारी ने बताया- केतन बच गया, यह सुनकर सिया काफी डर गई थी
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के पुणे में 26 वर्षीय व्यवसायी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में रोज नए-नए खुलासे और जानकारी सामने आ रही है। अब लोहागढ़ किले में तैनात एक पुलिसकर्मी राहुल ने मीडिया को बताया कि जब केतन खाई से गिर गया था, तब उनकी मंगेतर सिया गोयल के आंख में एक आंसू नहीं थे। इसके अलावा, जब सिया को दिलासा देने के लिए बताया गया कि केतन गिरने के बाद बच गया है, तब सिया काफी डर गई थी।
घटना
किले के कर्मचारी ने क्या बताया?
न्यूज़18 मराठी को राहुल ने बताया कि 18 जून को जब पुलिस मौके पर थी, तब सिया ने उन्हें घबराकर बताया कि केतन तस्वीर खींचते समय नीचे गिर गया। राहुल के मुताबिक, "मुझे पता था कि उसकी मौत हो चुकी है, लेकिन मैंने महिला को दिलासा दिया और उसे बताया कि लड़का जीवित है। मैं सदमा नहीं पहुंचाना चाहता था।" उसने दावा किया कि केतन के जीवित होने की खबर सुनकर सिया साफतौर से डरी और घबराई लग रही थी।
पूछताछ
सिया और उसके प्रेमी से एकसाथ पूछताछ
NDTV के मुताबिक, पुलिस ने सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को पूछताछ के लिए एक-दूसरे के सामने बिठाया है। दोनों को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है, जिसके बाद उनसे बुधवार देर रात तक पूछताछ की गई। जांच में पता चला कि सिया का चेतन से रिश्ता था, जिनकी मुलाकात पिछले साल एक व्यावसायिक बैठक में हुई थी। सिया की बेकरी है, जबकि चेतन सूखे मेवों के कारोबारी हैं। दोनों का रिश्ता 2025 में शुरू हुआ।