पश्चिम बंगाल में घने कोहरे के कारण नहीं उतर पाया प्रधानमंत्री मोदी का हेलीकॉप्टर, वापस लौटा
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के ताहेरपुर में शनिवार को छाए घने कोहरे के कारण बहुत कम दृष्यता के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर नहीं उतर पाया। ऐसे में उसे दोपहर में कोलकाता हवाई अड्डे पर वापस लौटना पड़ा। कार्यक्रम से जुड़े एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी PTI से इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का हेलीकॉप्टर उतरने के लिए कुछ देर तक हेलीपैड के ऊपर मंडराता रहा, लेकिन लैंडिंग नहीं हो पाई।
कार्यक्रम
किस कार्यक्रम में गए थे प्रधानमंत्री मोदी?
अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी को नादिया जिले के राणाघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखनी थी और उनका उद्घाटन करना था। इसके लिए वह दोपहर में कोलकाता हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर में सवार होकर रवाना हुए थे, लेकिन घने कोहरे के कारण उन्हें वापस कोलकाता लौटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल जाने की योजना भी टाल दी और फिर ऑनलाइन ही परियोजनाओं का उद्घाटन कर संबोधन दिया।
परियोजना
नादिया जिले में इन परियोजनाओं का हुआ है उद्घाटन
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने नादिया जिले में लगभग 3,200 करोड़ रुपये की 2 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखी है। इनमें नादिया में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के 66.7 किलोमीटर लंबे बरजागुली-कृष्णानगर खंड के 4-लेन का उद्घाटन भी शामिल है। ये परियोजनाएं कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी का काम करेंगी। इनसे यात्रा का समय 2 घंटे कम हो जाएगा।
निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने TMC पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑनलाइन संबोधन में रैली में शामिल लोगों से कोहरे के कारण व्यक्तिगत रूप से न पहुंच पाने के लिए माफी मांगी और कहा कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) घुसपैठियों का समर्थन करती है और इसीलिए वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनर्रीक्षण (SIR) का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से राज्य में डबल इंजन वाली सरकार को मौका देने की अपील की और बंगाल की स्थिति को महा जंगल राज करार दिया।
आरोप
प्रधानमंत्री मोदी ने TMC पर लगाए आरोप
प्रधानमंत्री माेदी ने कहा, "तृणमूल कांग्रेस चाहे जितना मेरा और भाजपा का विरोध कर ले, लेकिन बंगाल की प्रगति को रोका नहीं जाना चाहिए। राज्य में सत्ताधारी दल द्वारा भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और तुष्टीकरण की नीति ने राज्य में विकास कार्यों को बाधित किया जा रहा है।" प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान रैली में जाते समय एक दुर्घटना में जान गंवाने वाले कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत पर भी शोक व्यक्त किया।