भारत-चीन सीमा वार्ता के लिए बीजिंग जाएंगे NSA डोभाल, वांग यी के साथ अहम बैठक
क्या है खबर?
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल चीन का दौरा करने वाले हैं। वे कल यानी 24 अगस्त को बीजिंग पहुंचेंगे और सीमा विवाद पर भारत-चीन के बीच विशेष प्रतिनिधियों की बातचीत के 25वें दौर के लिए अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मिलेंगे। दोनों देशों के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर तनाव घटाने और सीमा से जुड़े मुद्दों का स्थायी समाधान तलाशने के लिए मंगलवार यानी 25 अगस्त को बातचीत होगी।
तनाव
तनाव कम करने की कोशिश कर रहे हैं दोनों देश
यह वार्ता ऐसे समय हो रही है, जब भारत और चीन के बीच LAC पर तनाव कम करने और सैन्य टकराव की स्थिति से बाहर निकलने की कोशिश हो रही है।
जून 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों के संबंध गंभीर स्थिति में पहुंच गए थे। इसके बाद पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन ने सैनिकों और सैन्य उपकरणों की तैनाती की थी।
एजेंडा
अगले महीने भारत आ सकते हैं शी जिनपिंग
साल 2003 में सीमा विवाद को सुलझाने के लिए इस विशेष प्रतिनिधि व्यवस्था की शुरुआत की गई थी। इसमें डोभाल और वांग यी दोनों देशों की ओर से नामित मुख्य वार्ताकार हैं।
हालांकि, सीमा विवाद को सुलझाने में ज्यादा सफलता न मिली हो, लेकिन दोनों तरफ के अधिकारी इस प्रक्रिया को तनाव को दूर करने के लिए उपयोगी साधन मानते हैं।
ये बैठक ऐसे वक्त हो रही है, जब अगले महीने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत आ सकते हैं।