नोएडा हवाई अड्डे तक पहुंचना होगा आसान, नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे से मिलेगी इलेक्ट्रिक बसें
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना अब आसान होगा। इसकी कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ से उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की 45 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी देकर रवाना किया और नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का शुभारंभ भी किया। ये इलेक्ट्रिक बसें नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से हवाई अड्डे तक आवागमन को सुविधाजनक बनाएंगी।
सुविधा
इन क्षेत्रों से मिलेंगी बसें
राज्य में 45 ई-बसें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) से हवाई अड्डे तक चलेंगी। योगी ने बताया कि ई-बसें 15 जून तक शुरू होंगी और बाद में उड़ान बढ़ने पर 500 ई-बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बस निर्माण के लिए ही 2 इलेक्ट्रिक बस निर्माण संयंत्र (टाटा मोटर्स और अशोक लेलैंड) स्थापित किए गए हैं। यमुना प्राधिकरण द्वारा 3 हाइड्रोजन बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
किराया
कितना रहेगा किराया?
बसों को दिल्ली-NCR के प्रमुख आवासीय, वाणिज्यिक और परिवहन केंद्रों से यात्रियों को नोएडा हवाई अड्डे तक लाया जाएगा। सेक्टर-90 बस डिपो में 10 डबल डेकर बसों सहित 100 इलेक्ट्रिक बसें तैनात की जा चुकी हैं और परिचालन के लिए तैयार हैं। सेक्टर-90 डिपो में एक आधुनिक चार्जिंग सुविधा भी है। बस का किराया 10 रुपये से 30 रुपये के बीच बताया जा रहा है, जिससे दैनिक यात्रियों को भी आसानी होगी।
ट्विटर पोस्ट
ई-बसों को हरी झंडी
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में सफर होगा आसान
— News Leader (@NewsLeaderLive) June 12, 2026
लखनऊ : सीएम योगी ने गौतमबुद्ध नगर में इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई
सीएम योगी ने UPSRTC की 45 नई इलेक्ट्रिक बसों को फ्लैद ऑफ किया#NewsLeader | @myogiadityanath pic.twitter.com/PHsF27PtRI
कनेक्टिविटी
नोएडा हवाई अड्डे की कनेक्टिविटी पर चिंता
नोएडा हवाई अड्डा आगरा को दिल्ली से जोड़ने वाले यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास पड़ता है और इससे एयरपोर्ट की उपयोगिता बढ़ेगी। हालांकि, नोएडा से दिल्ली हवाई अड्डा पास है, जबकि नोएडा हवाई अड्डा दूर है। ऐसे में वहां तक कोई साधन न होने से लोग चिंतित थे। आने वाले दिनों में हवाई अड्डा खुर्जा-जेवर राष्ट्रीय राजमार्ग 91, बल्लभगढ़ के जरिए दिल्ली-मुंबई से भी जुड़ेगा। हवाई अड्डा आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद-फरीदाबाद के लोगों के लिए पास है।