मेघालय के जयंतिया हिल्स में अवैध कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट, 16 मजदूरों की मौत
क्या है खबर?
मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में स्थित अवैध कोयला खदान में गुरुवार को घातक विस्फोट हुआ है, जिसकी चपेट में आकर 16 मजदूरों की मौत हो गई है। घटना म्यूंसिंगट-थांग्सको क्षेत्र में हुई है। अभी कई मजदूर घायल बताए जा रहे हैं, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाके की सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञ, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
धमाका
धमाके के बाद पहाड़ी आंशिक रूप से ढही
जिला पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुष्टि की कि अवैध कोयला खदान के अंदर डायनामाइट विस्फोट हुआ है। घटना के समय अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे, अभी 4 मजदूरों के शव बाहर निकाले गए हैं। उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद जिस पहाड़ी पर अवैध खनन चल रहा था, वह आंशिक रूप से ढह गई है, जिससे कुछ खनिक फंसे हो सकते हैं। सभी मृतक असम के बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी पहचान होना बाकी है।
विस्फोट
पिछले साल भी हुआ था घातक धमाका
मेघालय में हुए विस्फोट ने अवैध कोयला खनन को लेकर चिंताओं को बढ़ा दिया है। यह पहली बार नहीं है, जब खनन के दौरान विस्फोट हुआ है। इससे पहले, पिछले साल 23 दिसंबर को इसी थांग्सको इलाके में डायनामाइट विस्फोट हुआ था, जिसमें दो खनिकों की मौत हो गई थी। पहले पुलिस ने विस्फोट की खबरों को "बेबुनियाद" बताया था, लेकिन मीडिया रिपोर्टों के बाद, मेघालय हाई कोर्ट ने जांच के लिए न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बीपी कटाके समिति गठित की थी।