लखनऊ से उड़ान भरने से कुछ मिनट पहले इंडिगो को मिली बम धमाके की धमकी
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान को शुक्रवार को बम धमाके की धमकी मिली, जिसके बाद यात्रा रोक दी गई। विमान करीब 180 यात्रियों को लेकर सुबह 10:45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था। उससे पहले धमकी की सूचना मिल गई। विमान को सुरक्षा जांच के लिए रोक दिया गया और पूरे विमान की जांच की गई। हालांकि, यह अफवाह साबित हुई।
धमकी
टिश्यू पेपर में लिखी थी धमकी
इंडिगो की उड़ान 6E-2111 लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी, तभी विमान के शौचालय में "बम" लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिला था, जिससे दहशत फैल गई थी। इसमें लिखा हुआ था कि विमान में बम है। इसके बाद पायलट ने इसकी सूचना हवाई यातायात नियंत्रक और सुरक्षा एजेंसियों को दी। इसके बाद, विमान को रोककर निरीक्षण किया गया, लेकिन विमान में कोई बम या कोई हानिकारक पदार्थ नहीं मिला। इसे अफवाह घोषित किया गया।
धमकी
कल कन्नूर में मिली थी धमकी
इससे पहले, मुंबई से कन्नूर जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में धमकी वाला नोट मिला था, जिसके बाद दहशत फैल गई थी। हालांकि, यह नोट विमान के उतरने के बाद मिला था। बुधवार को कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद दोपहर करीब 3:20 बजे विमान के शौचालयों में से एक के कूड़ेदान में यह नोट मिला था। चालक दल के सदस्यों ने तुरंत ATC और सुरक्षा अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद आपातकालीन कार्रवाई की गई थी।