15,000 किलोमीटर, 5 राज्य; केरलम में नशे के नेटवर्क का भंडाफोड़
केरलम के कोझिकोड में ड्रग्स का एक बड़ा जखीरा पकड़ा गया है, जिसके बाद एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रैकेट का खुलासा हुआ। इस जांच में अधिकारियों ने करीब 15,000 किलोमीटर का सफर तय किया और 5 राज्यों में छानबीन की। जांचकर्ताओं को पता चला कि तस्कर एक मॉडिफाईड क्रेटा कार का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसमें एक खास तरह से बनाया गया छिपा हुआ कंपार्टमेंट था।
वे मोबाइल ट्रैकिंग से बचने के लिए विदेशी व्हाट्सएप नंबर और वाई-फाई का इस्तेमाल करते थे, ताकि बिना पकड़े गए ड्रग्स को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचा सकें। अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन नाइजीरियाई संदिग्ध अभी भी फरार है।
नाइजीरियाई नागरिक ने 19 फोन नंबरों का इस्तेमाल किया
इस मामले की शुरुआत केरलम में हुई 2 गिरफ्तारियों से हुई, जिसके बाद केरल एक्साइज/SIT के अधिकारी महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु तक पहुंचे। इस दौरान एक अहम सदस्य को पकड़ा गया, जो UAE के व्हाट्सएप नंबर का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छुपा रहा था। वह ड्रग्स और हथियारों दोनों के सौदे से जुड़ा था।
SIT ने नाइजीरियाई नागरिक इमैनुएल अफम को भी इस गिरोह का मुख्य सप्लायर बताया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने 19 फोन नंबर और ऐसे ऐप्स का इस्तेमाल किया था जो IP एड्रेस को छिपा सकते थे। जाली ID और हाई-टेक तरकीबों के कारण जांच में बाधाएं आने के बावजूद, जांचकर्ताओं का कहना है कि वे इस अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ने में काफी हद तक सफल रहे हैं।