मंगलौर KFC का स्टोररूम सील, सड़े चिकन की शिकायत ने मचाया हड़कंप
कर्नाटक के मंगलौर में KFC के एक केंद्र पर सड़ा हुआ चिकन पराेसने का गंभीर मामला सामने आया है। एक ग्राहक ने KFC से ऑनलाइन चिकन पेरी पेरी लेग्स मंगवाए थे। जब खाना पहुंचा तो उससे सड़ी हुई बदबू आ रही थी और वह बासी लग रहा था। इस शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने KFC के आउटलेट पर छापा मारा और वहां के स्टोररूम को सील कर दिया।
जांच के लिए KFC के सैंपल लैब भेजे गए
अधिकारियों ने आउटलेट में किचन से लेकर कोल्ड स्टोरेज तक, हर जगह की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान ही स्टोररूम को सील किया गया था। उन्होंने चिकन के नमूने भी लिए हैं जिन्हें लैब में जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला सिर्फ एक KFC का नहीं है। कर्नाटक में हुई ऐसी ही कई जांचों में बेंगलुरु और मैसूर के कई बड़े होटलों और रिसॉर्ट्स में भी मियाद पूरी हो चुके या असुरक्षित खाद्य पदार्थ मिले हैं।