पश्चिम बंगाल: क्या है नाबालिग लड़की की मौत का मामला, जिसमें लोगों ने फूंक दिया थाना?
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के कलियागंज थाने में आज प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी। ये लोग एक किशोरी की मौत को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस घटना के बाद थाने के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा द्वारा आयोजित विरोध-प्रदर्शन के दौरान इस घटना को अंजाम दिया। आइये जानते हैं कि ये पूरा मामला क्या है, जिसमें थाने को फूंक दिया गया।
क्या है मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कलियागंज में 22 अप्रैल को तालाब किनारे एक किशोरी का शव बरामद हुआ था। इससे कलियागंज थाना क्षेत्र के साहेबघाटा गांव में हिंसा भड़क गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को इलाके में भेजना पड़ा। पुलिस को देखते ही प्रदर्शनकारियों ने आगजनी और पथराव करना शुरू कर दिया। उस वक्त पुलिस ने साक्ष्य को सुरक्षित रखने के लिए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्यों हुआ प्रदर्शन?
परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लड़की से कथित रेप के बाद उसकी हत्या हुई है। इसी को लेकर बीते शनिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था, जिसके बाद से इलाके में तनाव बना हुआ था। इसी क्रम में आज रायगंज में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया और थाने को आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज भी किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं हुई रेप की पुष्टि
पश्चिम बंगाल सरकार के मुताबिक, पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की पुष्टि नहीं हुई है। रायगंज के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सना अख्तर ने कहा, "वरिष्ठ डॉक्टरों की 3 सदस्यीय टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान पीड़िता के परिवार के सदस्य भी वहां मौजूद थे। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई है। शुरुआती पोस्टमार्टम की जांच रिपोर्ट में पता चला है कि लड़की की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन के कारण हुई है।"
सत्तारूढ़ TMC ने भाजपा पर लगाया हिंसा भड़काने का आरोप
मामले में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भाजपा पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। TMC का कहना है कि लड़की की मौत को भाजपा रेप और हत्या का मामला बताकर लोगों को भड़का रही है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। TMC का आरोप है कि भाजपा नेता लड़की की दुर्भाग्यपूर्ण मौत को लेकर झूठे बयान दे रहे हैं, जिसके कारण शहर में कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है।
भाजपा नेताओं ने क्या कहा था?
नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी समेत कई भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया था कि ये रेप और हत्या का मामला है। अधिकारी ने इस घटना को लेकर एक ट्वीट करते हुए लिखा था, 'पश्चिम बंगाल में एक बार फिर नाबालिग बच्ची के साथ रेप और बाद में उसकी हत्या हुई। 10वीं में पढ़ने वाली यह छात्रा राजबंशी समुदाय से हैं और वह कलियागंज की रहने वाली है। ये घटना काफी दुखद है, जो राजबंशी लड़की के साथ हुई।'
लाश को घसीटते दिखे पुलिसकर्मी
घटना में शामिल 4 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
पश्चिम बंगाल पुलिस ने मामले में 4 सहायक उपनिरीक्षकों (ASI) को निलंबित कर दिया है। ये चारों ASI एक वीडियो में किशोरी के शव को घसीटते हुए नजर आए थे। मामले में पुलिस ने ट्वीट करते हुए घटना को लेकर लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कहा है। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए जनता से फर्जी खबरें न फैलाने की अपील भी की है।