इजरायल के हमले में ईरानी इस्लामिक गार्ड्स के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी की मौत
क्या है खबर?
इजरायल के हमले में ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी की भी मौत हो गई है। ईरानी सरकारी मीडिया ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मौत से पहले नैनी ने खाड़ी में अमेरिकी नौसैनिक दावों को चुनौती देते हुए चेतावनी जारी की थी। अभी इजरायली सेना की ओर से इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है। नैनी 2024 से IRGC के प्रवक्ता के रूप में कार्यरत थे।
मौत
अब तक ईरान के 8 बड़े नेता और अधिकारियों की मौत
इजरायल-अमेरिका ने मिलकर ईरान पर 28 फरवरी को हमले शुरू किए, जिसके बाद से इस्लामिक देश के सर्वोच्च नेता समेत 8 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे पहले अयातुल्लाह अली खामेनेई को मारा गया। इसके बाद चीफ ऑफ स्टाफ अब्दुल रहीम मुसावी, रक्षामंत्री अजीज नासिरजादेह, IRGC प्रमुख मोहम्मद पाकपोर, सर्वोच्च नेता के सलाहकार अली शमखानी की हत्या हुई। पिछले दिनों ईरानी सुरक्षा परिषद के प्रमुख अली लारीजानी, बासिज कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी और खुफिया मंत्री इस्माइल खिताब मारे गए हैं।
मिसाइल
ईरान ने कहा कि वह मिसाइल बना रहा है
IRGC ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के उस दावे का खंडन किया है कि ईरान में मिसाइल और परमाणु संवर्धन का काम अब खत्म हो चुका है। मारे गए प्रवक्ता नैनी ने एक बयान में कहा कि "हमारे मिसाइल उद्योग का स्कोर 20 है, और इस संबंध में कोई चिंता की बात नहीं है क्योंकि हम युद्ध की स्थिति में भी मिसाइलों का उत्पादन कर रहे हैं, जो आश्चर्यजनक है, और भंडारण में कोई विशेष समस्या नहीं है।"