वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल बोले- अमेरिकी व्यापार समझौते पर मार्च में होंगे हस्ताक्षर, जल्द आएगा बयान
क्या है खबर?
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार बताया कि भारत और अमेरिका 4 से 5 दिन के अंदर व्यापार समझौते पर अपने संयुक्त बयान जारी कर सकते हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, उन्होंने यह भी बताया कि औपचारिक समझौते के मसौदे को वर्तमान में अंतिम रूप दिया जा रहा है और मार्च के मध्य तक इस पर हस्ताक्षर होंगे। संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस संबंध में कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे।
दौरा
ट्रंप की टीम अगले सप्ताह भारत आएगी
इंडिया टुडे के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम के वरिष्ठ अधिकारी अगले सप्ताह भारत के दौरे पर आ सकते हैं, जिसके बाद समझौते से जुड़े कई पहलुओं पर स्पष्टता आने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि संयुक्त बयान के बाद, व्यापार समझौते के बारीक विवरण सार्वजनिक किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि समझौते में भारत के संवेदनशील क्षेत्रों जैसे कृषि, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को सुरक्षित रखा गया है।
भ्रम
कृषि को लेकर भ्रम की स्थिति
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर हो जाने के बाद, इसे एक कानूनी समझौते में बदल दिया जाएगा और मार्च के मध्य तक कानूनी समझौते पर हस्ताक्षर हो जाएंगे। कानूनी दस्तावेज पर हस्ताक्षर होने से भारत द्वारा कुछ अमेरिकी वस्तुओं पर लगाए जाने वाले शुल्क में कटौती होगी और अमेरिका भारत पर 50 की जगह 18 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा। समझौते में कृषि और डेयरी को लेकर भ्रम की स्थिति है, जो जल्द ही साफ होगी।