Loading...
अमेरिका के हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की साजिश से भारत नफरत बढ़ने को लेकर चिंतित
अमेरिका के हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की साजिश पर भारत ने बयान दिया

अमेरिका के हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की साजिश से भारत नफरत बढ़ने को लेकर चिंतित

लेखन गजेंद्र
Oct 15, 2026
03:16 pm

क्या है खबर?

भारत के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को अमेरिका के इलिनोइस में एक हिंदू मंदिर पर सामूहिक गोलीबारी की साजिश का संज्ञान लिया और घटना पर चिंता जताई। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान जारी कर कहा कि ऑरोरा क्षेत्र में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी की कथित साजिश की खबरों से हम बेहद चिंतित हैं। जायसवाल ने कहा कि भारत ने अमेरिकी अधिकारियों से मामले की गहन जांच करने की अपेक्षा की है।

बयान

बयान में क्या कहा?

जायसवाल ने बयान में कहा, "इलिनोइस के ऑरोरा क्षेत्र में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी की कथित साजिश की खबरों से हम बेहद चिंतित हैं। इस कथित साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वरूप, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा का जिक्र भी शामिल है, विशेष रूप से चिंताजनक है। हमने अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई, जिसमें संदिग्ध की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ लगाए गए आरोप शामिल हैं, का संज्ञान लिया है।"

बयान

चिंता बढ़ाने वाली घटना- मंत्रालय

जायसवाल ने कहा, "यह घटना अमेरिका में नस्लवादी शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ाती है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक सतर्कता, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति शून्य सहिष्णुता और निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता है। हम अमेरिकी अधिकारियों से इस मामले की गहन जांच करने, दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने की अपेक्षा करते हैं।"

ADVERTISEMENT

घटना

क्या है मामला?

इलिनोइस में पैलेटाइन निवासी एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस (19) को ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी के पास से एक राइफल और घोषणापत्र बरामद हुआ है, जिसमें श्वेत वर्चस्ववादी विचार और भारतीय लोगों के खिलाफ हिंसा का जिक्र है।

एक फास्ट-फूड रेस्टोरेंट टैको बेल में कैशियर के रूप में कार्यरत पापोराकिस अपनी राइफल जाम होने से वारदात को अंजाम नहीं दे सका था।

ADVERTISEMENT