पश्चिम बंगाल: दुष्कर्म के बाद हत्या का शिकार हुई डॉक्टर को दी गई मौन श्रद्धांजलि
पश्चिम बंगाल के सभी सरकारी अस्पतालों में रविवार को 2 मिनट का मौन रखा गया। यह मौन आरजी कर मेडिकल कॉलेज की उस डॉक्टर की याद में था, जिनकी 2 साल पहले बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ शरदवत मुखर्जी और कई वरिष्ठ अधिकारियों ने साल्ट लेक स्थित स्वास्थ्य भवन में इस दुखद घटना को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
चितपुर में जूनियर डॉक्टर कर रहे न्याय की मांग
जूनियर डॉक्टरों ने इस घटना को याद करते हुए उत्तर कोलकाता के चितपुर में गरीबों के लिए एक विशेष क्लिनिक लगाया। इस दौरान उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने की अपनी मांग को फिर से उठाया। इस घटना के बाद आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर वहां केंद्रीय अर्धशसैनिक बलों की टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं। संजय रॉय इस अपराध के लिए उम्रकैद की सजा काट रहा है, लेकिन केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच अभी भी चल रही है। इसका मकसद यह जानना है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।