हिमाचल प्रदेश के छात्रों-शिक्षकों को मिला स्वतंत्रता दिवस तोहफा, सरकार ने किया छुट्टी का ऐलान
हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में 17 अगस्त को छुट्टी रहेगी। यह छुट्टी स्वतंत्रता दिवस के ठीक बाद दी जा रही है। राज्य सरकार छात्रों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करने के लिए उन्हें यह अवकाश दे रही है। दरअसल, 15 अगस्त को स्कूल, जिला और राज्य स्तर पर हुए कार्यक्रमों में छात्रों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों पर यह फैसला लिया गया है और स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इसे आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है।
निजी स्कूल खुद लेंगे 17 अगस्त की छुट्टी का फैसला
यह छुट्टी सिर्फ सरकारी स्कूलों के लिए है। हालांकि, निजी स्कूलों पर यह नियम अपने आप लागू नहीं होगा। अगर किसी निजी स्कूल ने 15 अगस्त को अपने यहां कोई कार्यक्रम आयोजित किया था या सरकारी आयोजनों में भाग लिया था, तो 17 अगस्त को स्कूल बंद रखना है या नहीं, इसका फैसला स्कूल प्रबंधन खुद करेगा। इसलिए अगर आप किसी निजी स्कूल में पढ़ते हैं, तो स्कूल खुलेगा या बंद रहेगा, इसकी जानकारी के लिए अपने स्कूल कार्यालय या शिक्षकों से संपर्क करें।