दिल्ली में झमाझम, गर्मी से राहत; पर इन राज्यों में IMD का रेड अलर्ट
गुरुवार को दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। इस बारिश ने लोगों को गर्मी और चिपचिपी उमस से एक बड़ी राहत दी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही इसका पूर्वानुमान जताया था कि दोपहर में हल्की बारिश होने और दिन ढलने पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
IMD के अनुमान के मुताबिक, दोपहर में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। वहीं, शाम होते-होते यह 31 से 32 डिग्री के बीच आ सकता है। शाम तक एक बार फिर अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
शाम को गरज-चमक की संभावना
मौसम विभाग ने शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे के बीच कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया है। इससे तापमान गिरकर करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
भारी बारिश से कई राज्य प्रभावित
यह सिर्फ दिल्ली की बात नहीं है। भारी बारिश कई राज्यों को प्रभावित कर रही है। उत्तर प्रदेश में बांदा, प्रयागराज और मिर्जापुर में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में भी 166 सड़कें बंद पड़ी हैं।
केरलम के तटीय इलाकों में ऊंची लहरें उठने की खबरें हैं। वहीं, ओडिशा में 52 ब्लॉकों के 429 गांवों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और बचाव के लिए 79 टीमें लगाई गई हैं।