गुजरात में अनोखा मामला: फोन की लत छुड़ाने बेटी पर 4 बाउंसरों की 24 घंटे निगरानी, लाखों खर्च
गुजरात के एक परिवार ने अपनी 16 साल की बेटी को लेकर एक हैरान कर देने वाला कदम उठाया है। उन्होंने बेटी के फोन के बहुत ज्यादा इस्तेमाल को रोकने के लिए 4 बाउंसर रखे हैं।
दरअसल, उनकी बेटी की फोन की लत इतनी बढ़ गई थी कि उसे संभालना मुश्किल हो रहा था। जब भी माता-पिता उसे फोन और सोशल मीडिया से दूर रहने या कम इस्तेमाल करने के लिए कहते, तो वह बेहद हिंसक हो जाती थी। इस वजह से अब परिवार को इन बाउंसरों को 24 घंटे की निगरानी के लिए हर महीने करीब 65,000 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
किशोरी अनजान लोगों से बात करती, दिखाती आक्रामकता
लड़की को फोन की ऐसी लत लगी थी कि वह अक्सर अनजान लोगों से चैट करती रहती थी और अपनी तस्वीरें भी पोस्ट करती थी। मामला तब और गंभीर हो गया जब उसने इंटरनेट पर मिले लोगों से मिलने के लिए घर से चोरी-छिपे बाहर निकलना शुरू कर दिया।
माता-पिता जब उसे रोकने की कोशिश करते, तो वह घर का सामान तोड़ देती थी। कई बार तो वह अपनी मां पर हाथ उठाने से भी नहीं चूकती थी। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना महामारी के बाद से इस तरह की समस्याएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं।