गोवा में ड्रग्स पर पुलिस का हमला, 12 तस्कर दबोचे
गोवा पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' नाम से एक बड़ी नशा विरोधी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस देर रात तक चली दबिश में पुलिस ने 12 लोगों को धर दबोचा और NDPS अधिनियम के तहत 10 अलग-अलग मामले दर्ज किए। 'ड्रग-फ्री इंडिया' अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा, LSD, कोकीन, चरस, केटामाइन और एक्स्टसी जैसी कई तरह की नशीली चीजें बरामद की है।
पुलिस टीमों ने की ट्रेनों, बसों और वाहनों की जांच
इस पूरे अभियान में पुलिस की अलग-अलग यूनिट्स की टीमें मिलकर काम कर रही थीं। उन्होंने स्निफर डॉग्स की मदद से 11 ट्रेनों की बारीकी से जांच की। गोवा में दाखिल होने वाली 120 से ज्यादा अंतरराज्यीय बसों की भी तलाशी ली गई और अलग-अलग चेकपॉइंट्स पर 1,000 से भी ज्यादा गाड़ियों को रोककर उनकी पड़ताल की गई। दरअसल, 'ऑपरेशन प्रहार' गोवा को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाई जा रही एक तीन साल की बड़ी योजना का ही हिस्सा है। इसका मुख्य लक्ष्य नशे के धंधे की सप्लाई चेन को खत्म करना और तस्करों के नेटवर्क पर लगातार नजर रखना है।