गाजियाबाद बच्ची दुष्कर्म मामला: सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश पुलिस को लगाई फटकार
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 4 साल की मासूम के साथ हुए बलात्कार और हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस को फटकार लगाई है। इस घटना की जांच अब कोर्ट की निगरानी में एक विशेष जांच दल (SIT) करेगा।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने स्थानीय पुलिस और अस्पतालों की संवेदनहीनता पर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने बताया कि 2 निजी अस्पतालों ने तो घायल बच्ची को भर्ती करने से भी इनकार कर दिया था।
कोर्ट ने यह भी साफ कर दिया है कि पीड़ित परिवार की पहचान को गुप्त रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। इस मामले पर अगली सुनवाई सोमवार को तय की गई है।
क्या है मामला? दो निजी अस्पतालों ने भर्ती करने से किया मना
बताया जा रहा है कि बच्ची को उसके पड़ोसी ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया था और 16 मार्च को उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार तो कर लिया गया था, लेकिन पुलिस रिपोर्ट में कुछ गंभीर धाराओं का जिक्र नहीं था।
पीड़ित बच्ची के पिता ने शिकायत की है कि उन्हें रोज़ाना केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।