दुबई के दोहरे रवैये से भारतीय एयरलाइंस को नुकसान, एमिरेट्स को मिली छूट
दुबई ने एक नया नियम बनाया है जिसके मुताबिक, विदेशी एयरलाइंस उनके एयरपोर्ट्स पर अब दिन में सिर्फ एक ही उड़ान भर पाएंगी। यह पाबंदी 31 मई, 2026 तक लागू रहेगी। ईरान के संकट से पैदा हुई स्थितियों से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है, लेकिन इससे एयर इंडिया और इंडिगो जैसी भारतीय एयरलाइंस के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है। इन एयरलाइंस की संस्था, फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (FIA), ने अब भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि इन पाबंदियों की वजह से उनकी कमाई में भारी नुकसान हो सकता है।
भारतीय एयरलाइंस की उड़ानें महीने में 30-31 तक सीमित
भारतीय एयरलाइंस ने इस सीजन में दुबई के लिए सैकड़ों उड़ानों की प्लानिंग की थी, लेकिन अब उन्हें महीने में सिर्फ 30 या 31 उड़ानें ही चलाने की अनुमति मिली है। वहीं, दुबई की अपनी एयरलाइंस जैसे एमिरेट्स पर ये पाबंदियां लागू नहीं हैं। फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (FIA) का कहना है कि इससे एक तरह का भेदभाव हो रहा है। यह रोक भारतीय एयरलाइंस की मुश्किलें और बढ़ा रही है। उन्हें पहले से ही कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जैसे ईंधन की बढ़ी हुई कीमतें और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उड़ानों के रूट में बदलाव।