दिल्ली: 4 लाख रुपये में बेचा जा रहा था 4 दिन का नवजात, पुलिस ने दबोचा बाल तस्कर गिरोह
दिल्ली पुलिस ने बाल तस्करी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया है और एक 4 दिन के नवजात बच्चे को बचाया है। पुलिस के मुताबिक, इन महिलाओं ने यह बच्चा गाजियाबाद में एक परिचित की मदद से 4.10 लाख रुपये में खरीदा था। एक गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने हनुमान मंदिर के पास अंडरकवर जाकर एक जाल बिछाया। पुलिस ने 20,000 रुपये एडवांस देकर नकली खरीदार भेजे। जैसे ही नकली खरीदारों ने इशारा किया, पुलिस ने तुरंत 5 महिलाओं को दबोच लिया।
3 साल से नवजात बच्चों को बेच रहा था यह गिरोह
जांच में सामने आया कि यह गिरोह करीब 3 साल से नवजात बच्चों को बेच रहा था। उनका तरीका बड़ा शातिर था। ये महिलाएं ऐसी औरतों को अपना निशाना बनाती थीं, जो पैसों की तंगी से जूझ रही होती थीं। वे उन्हें झांसा देती थीं कि IVF के जरिए सरोगेसी करवा कर वे उन्हें पैसे दिलवा देंगी। मगर जैसे ही बच्चा पैदा होता, वे उसे अपने कब्जे में लेकर किसी और परिवार को बेच देती थीं।
जिस बच्चे को छुड़ाया गया, उसे तुरंत अरुणा आसफ अली अस्पताल ले जाया गया। बच्चा अब सुरक्षित है। पुलिस ने बाल हेल्पलाइन और बाल कल्याण समिति को भी इस घटना की जानकारी दी है।