दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, सहकर्मी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
दिल्ली पुलिस के 38 वर्षीय एक हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है। उस पर अपनी 37 साल की महिला सहकर्मी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। महिला भी दिल्ली पुलिस में ही हेड कांस्टेबल थी।
वह 16 अगस्त को साहिबाबाद के एक होटल के कमरे में मृत मिली थी। उसने एक दिन पहले ही अकेले होटल में चेक-इन किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को रात 10:03 बजे उसके कमरे में जाते देखा गया और करीब 10:45 बजे वह कमरे से बाहर निकल गया। यानी वह लगभग 40 मिनट तक उसके कमरे में रहा। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन परिवार का आरोप है कि उसे परेशान किया जा रहा था और उसके साथ धोखा हुआ था।
FIR में धोखे से शारीरिक संबंध बनाने के आरोप
पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और धोखे से शारीरिक संबंध बनाने से जुड़ी नई आपराधिक कानून धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। दोनों पुलिसकर्मी गाजियाबाद के रहने वाले थे और पिछले एक साल में वे 33 बार एक ही होटल में गए थे। दिल्ली पुलिस के 38 वर्षीय हेड कांस्टेबल ने माना कि वे दोस्त थे, लेकिन उसका दावा है कि उस रात महिला सहकर्मी ने ही उसे मिलने बुलाया था।