दिल्ली हाई कोर्ट ने टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध मामले में केंद्र सरकार से मांगा जवाब
क्या है खबर?
दिल्ली हाई कोर्ट ने NEET-UG की दोबारा 21 जून को प्रस्तावित परीक्षा को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध लगाने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई की। इस दौरान हाई कोर्ट ने मामले में केंद्र सरकार को जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए अगली सुनवाई गुरुवार दोपहर ढाई बजे के लिए निर्धारित कर दी। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार और कंपनी के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
विरोध
सरकार ने किया टेलीग्राम की याचिका का विरोध
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता ने टेलीग्राम की याचिका का विरोध करते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म पर चौंकाने वाली गतिविधियां हो रही हैं। कंपनी को बार-बार अपना सिस्टम सुधारने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उसने पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध IT अधिनियम की धारा 69A के तहत लगाया गया है। कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां रिकॉर्ड पर रखने के लिए उन्हें एक दिन का समय दिया जाए।
समय
हाई कोर्ट ने सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए दिया समय
हाई कोर्ट ने केंद्र से सवाल किया कि क्या पूरे टेलीग्राम ऐप पर प्रतिबंध लगाना एक उचित और संतुलित कदम है? इस पर SG मेहता ने कहा कि मामले में कई अहम तथ्य अदालत के सामने रखना जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि नोडल एजेंसी ने मामले की जांच की है और आदेश जारी होने वाला है। इस पर कोर्ट ने उन्हें जवाब दाखिल करने के लिए गुरुवार दोपहर ढाई बजे तक का समय दे दिया।
तर्क
टेलीग्राम ने क्या दिया तर्क?
सुनवाई के दौरान टेलीग्राम की ओर से पेश वकील ने कहा कि पूरे प्लेटफॉर्म को ब्लॉक करना अत्यधिक और व्यापक कार्रवाई है। आपत्तिजनक सामग्री या विशिष्ट यूजर ID को ब्लॉक किया जाना चाहिए, न कि पूरे ऐप को। उन्होंने बताया कि कंपनी ने आपत्तिजनक सामग्री के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए AI का इस्तेमाल किया है और संदिग्ध चैनलों को ब्लॉक करने/URL हटाने के सरकार के कई अनुरोधों का पालन भी किया है।
प्रतिक्रिया
NTA महानिदेशक ने क्या दी प्रतिक्रिया?
इससे पहले राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि NEET-UG परीक्षा से जुड़ी धोखाधड़ी और पेपर लीक के गलत प्रचार को रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा टेलीग्राम पर कुछ समय के लिए प्रतिबंध लगाना पड़ा है। बता दें कि सरकार ने 16 जून से 22 जून तक टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। यह कदम 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा को लेकर लिया है।