गर्मी से झुलस रहे दिल्ली समेत उत्तर भारत को मिलेगी हल्की राहत, हवा-बारिश की संभावना
क्या है खबर?
सूरज की तपिश और लू के थपेड़े झेल रहे दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। हालांकि, यह मामूली राहत होगी, लेकिन गर्मी का असर कम करेगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को बताया कि आने वाले दिनों में पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी भागों में भी अगले 2 से 3 दिन में मौसम बदल सकता है। इस दौरान आंधी आएगी, तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी होगी, जिससे तापमान गिरने की संभावना है।
बारिश
मैदानी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में 27, 28 और 31 मई को और राजस्थान में 28 और 29 मई को, कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में 28 मई से लेकर 31 मई के बीच आंधी-तूफान आने की संभावना है। हालांकि, अगले 2 दिन भीषण गर्मी होगी और तापमान में भी वृद्धि होने की संभावना है।
बारिश
पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम?
IMD के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 25, 28 और 29 मई को बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 25 मई को और 28 से 31 मई के बीच, कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी, बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में कुछ जगह 29 मई को ओलावृष्टि होने की संभावना है।
तापमान
29 से 31 मई के बीच गिरेगा तापमान
IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में 28 मई तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन 29 मई से 31 मई के बीच इसमें 6 से 8 डिग्री की बड़ी गिरावट आ सकती है। मध्य भारत में 29 मई से 31 मई के बीच 2 से 4 डिग्री की गिरावट और पूर्वी भारत में 28 मई से 31 मई के बीच 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
मानसून
मानसून की आहट पर बारिश शुरू
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 25 मई के आसपास केरलम में मानसून आ सकता है। इस बीच, सोमवार को संभावना जताई गई है कि 25 से 29 मई के दौरान केरलम, माहे और लक्षद्वीप में तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसी दौरान, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।