2027 से दिल्ली-NCR में बड़ा झटका, पेट्रोल-डीजल LGV के पंजीयन पर लगेगी रोक
दिल्ली में एक बड़ा बदलाव होने वाला है। 1 जनवरी 2027 से राजधानी में 3,500 किलोग्राम से कम वजन वाले पेट्रोल, डीजल और CNG हल्के मालवाहक वाहनों (LGVs) का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा।
यही पाबंदी 1 जुलाई 2027 से गुरुग्राम और गाजियाबाद जैसे NCR के पड़ोसी जिलों में भी लागू होगी। इस कदम का मकसद इलेक्ट्रिक LGVs के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और शहर की हवा को प्रदूषण मुक्त बनाना है।
NCR में LGV से PM उत्सर्जन अधिक
दिल्ली-NCR में कुल वाहनों की संख्या में LGVs की हिस्सेदारी भले ही सिर्फ 1.2 प्रतिशत हो, पर कुल पार्टिकुलेट मैटर (PM) उत्सर्जन में इनकी भागीदारी करीब 3.3 प्रतिशत है।
यानी, प्रदूषण फैलाने में इनकी संख्या से कहीं ज्यादा योगदान है। इसके अलावा, CNG वाहन नाइट्रोजन ऑक्साइड (NOx) भी छोड़ते हैं, जिससे हवा में PM2.5 जैसे खतरनाक बारीक कणों का स्तर और बढ़ जाता है। दिल्ली सरकार का यह कदम उसकी इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी से मेल खाता है, जिसके अनुसार 2027 से राजधानी में सिर्फ इलेक्ट्रिक LGVs का ही रजिस्ट्रेशन हो सकेगा।