आज जंतर-मंतर पर फिर होगा प्रदर्शन, इस बार इकठ्ठा होंगे दिल्ली के ऑटो ड्राइवर
दिल्ली के ऑटो-रिक्शा चालक सोमवार को जंतर-मंतर पर इकट्ठा हो रहे हैं। वे सरकार के सामने अपनी मांगों को रखना चाहते हैं।
उनकी मुख्य रूप से 2 मांगें हैं। पहली, ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए एक खास 'ऑटो-टैक्सी ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड' बनाया जाए। दूसरी, 20 साल से पुरानी गाड़ियों की फिटनेस फीस, जिसे हाल ही में काफी बढ़ा दिया गया है, उसे वापस लिया जाए।
दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी ने सभी ऑटो-टैक्सी चालकों से अपील की है कि वे सोमवार को जंतर-मंतर पहुंचें और सरकार के सामने अपनी मांगें रखें। उन्होंने साफ कहा कि दिल्ली सरकार को तुरंत 'ऑटो-टैक्सी ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड' बनाना चाहिए और बढ़ाई गई फिटनेस फीस को फौरन वापस लेना चाहिए।
दिल्ली यूनियन की नई मांगें- काम के घंटों की सीमा और जवाबदेही
इस संघ की एक और मांग यह भी है कि काम के घंटों की एक सीमा तय की जाए। वे चाहते हैं कि दिल्ली परिवहन विभाग अपनी जिम्मेदारियों के प्रति ज्यादा जवाबदेह बने। साथ ही, उनकी मांग है कि प्राइवेट नंबर प्लेट पर चलने वाली बाइक टैक्सियों पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए।