Loading...
मेट्रो बंद, ट्रेनें रद्द और हजारों जवान तैनात; दिल्ली में CJP प्रदर्शन से पहले कितनी सख्ती?
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है

मेट्रो बंद, ट्रेनें रद्द और हजारों जवान तैनात; दिल्ली में CJP प्रदर्शन से पहले कितनी सख्ती?

लेखन आबिद खान
Oct 09, 2026
07:09 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में कल यानी 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने प्रदर्शन का ऐलान किया है। इससे पहले पूरी राजधानी को किले में तब्दील कर दिया गया है। 26,000 से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। शराब की दुकानें और दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया है। दिल्ली आने वाली कई एक्सप्रेस और मेल ट्रेनें भी कल रद्द रहेंगी। आइए जानते हैं क्या खुला है और क्या बंद रहेगा।

मेट्रो

आज रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशन बंद

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने आज रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद करने की घोषणा की है। ये प्रतिबंध स्थिति सामान्य होने तक जारी रहेगा।

हालांकि, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर सभी मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इस सूची में शामिल स्टेशनों में राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, ITO, सुप्रीम कोर्ट, कश्मीरी गेट, हौज खास और लाजपत नगर शामिल हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें बंद मेट्रो स्टेशनों की सूची

ADVERTISEMENT

ट्रेन

नई दिल्ली और निजामुद्दीन स्टेशन आने वाली ट्रेनें रद्द

10 अक्टूबर की सुबह 4 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है।

रेलवे विभाग के कोचिंग निदेशालय द्वारा जारी आपातकालीन आदेश के पीछे दोनों प्रमुख स्टेशनों के आसपास के इलाकों में यातायात जाम होने की आशंका को वजह बताया गया है।

रेलवे ने बताया कि यह फैसला पूरी तरह से सुरक्षात्मक प्रबंधों के तहत लिया गया है।

ADVERTISEMENT

शराब दुकानें

शराब दुकानें भी बंद

आबकारी विभाग के आदेश के अनुसार, दिल्ली भर में शराब की खुदरा दुकानें 9 और 10 अक्टूबर को बंद रहेंगी।

दिल्ली आबकारी विभाग ने गुरुवार शाम आदेश जारी कर बताया कि 9 और 10 अक्टूबर को शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी, जिसमें L6, L6FG, L8, L10, L8 और L14 लाइसेंस वाली सभी खुदरा दुकानें शामिल हैं।

हालांकि, एक अधिकारी के अनुसार, लाइसेंस प्राप्त रेस्तरां, बार और क्लब पहले की तरह ही शराब परोसना जारी रख सकेंगे।

जानकारी

आज रात 10 बजे से इंटरनेट भी बंद

जंतर मंतर के आसपास के 4 किलोमीटर दायरे में आज रात 10 बजे से अगले 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी बंद रहेंगी।

कैब

क्या कैब पर भी लगा प्रतिबंध?

पुलिस लुटियंस दिल्ली की ओर आवागमन नियंत्रित करने के लिए कैब कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, नई दिल्ली जिले को कड़ी सुरक्षा वाला क्षेत्र घोषित किए जाने की आशंका को देखते हुए, अधिकारियों ने कहा कि वे इस क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़कों पर प्रवेश प्रतिबंधित करने की तैयारी कर रहे हैं।

कैब ऑपरेटरों को नई दिल्ली की ओर जाने वाली सड़कों पर प्रतिबंधों के बारे में बताया जा रहा है।

जंतर मंतर

जंतर-मंतर पर भी जाने की अनुमति नहीं

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर भारी बेरिकैडिंग कर रखी है। वहां आने-जाने के सभी रास्तों पर भारी पुलिस बल भी तैनात है। यहां तक कि मीडियाकर्मियों को भी विरोध स्थल तक जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

अशोक रोड-जंतर-मंतर गोलचक्कर से होकर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। यहां कैमरे भी लगाए गए हैं।

साथ ही लाउडस्पीकर के जरिए पुलिस लोगों से इकट्ठा न होने की अपील कर रही है।

जवान

26,000 से ज्यादा कर्मी तैनात

दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के 26,000 से ज्यादा कर्मियों को तैनात किया गया है। ये फरवरी 2020 के विधानसभा चुनाव, उसी समय हुई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा और दिल्ली दंगों के बाद सबसे बड़ी तैनाती है।

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर सीमेंट की बैरिकेडिंग की गई है।

दिल्ली में आने वाले सभी रास्तों पर सख्त चेकिंग हो रही है।

पुलिस ने होटलों और गेस्ट हाउस में रुकने वालों की भी जानकारी जुटाई है।

ADVERTISEMENT