दिल्ली में डिजिटल ई-चालान प्रणाली होगी लागू, 5 उल्लंघन पर सीधे लाइसेंस निलंबित
दिल्ल की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि दिल्ली में जल्द ही पूरी तरह से डिजिटल ट्रैफिक चालान सिस्टम लागू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य मकसद सड़कों को ज्यादा सुरक्षित बनाना और लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करवाना है।
अब अगर आप ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो 3 दिन के भीतर आपके फोन पर ई-चालान पहुंच जाएगा। साथ ही, 15 दिनों के अंदर आपके घर एक लिखित सूचना भी भेजी जाएगी, जिससे अब आपको कागजी चालान के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
5 उल्लंघनों के बाद दिल्ली में लाइसेंस निलंबन
आपको ऑनलाइन जुर्माना भरने या उसे चुनौती देने के लिए 45 दिन का समय मिलेगा। अगर आप चुनौती देते हैं और आपकी चुनौती खारिज हो जाती है, तो भी आपके पास जुर्माना भरने या अदालत का दरवाजा खटखटाने का विकल्प होगा, जिसके लिए एक जमानत राशि जमा करनी होगी।
इस सिस्टम की एक अहम बात यह भी है कि यदि कोई व्यक्ति एक साल के अंदर 5 बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल निगरानी पर आधारित है। उल्लंघन से जुड़ी सभी अपडेट्स सीधे आपके SMS या ईमेल पर भेजी जाएंगी, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।