चेन्नई एयरपोर्ट पर यात्री की 'सनकी' हरकत: आपातकालीन दरवाजा खोला, हड़कंप के बाद गिरफ्तार
देश
रविवार सुबह चेन्नई एयरपोर्ट पर काफी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दरअसल, शारजाह से चेन्नई पहुंची एयर अरेबिया की फ्लाइट में सवार एक यात्री ने लैंडिंग के तुरंत बाद विमान का आपातकालीन द्वार खोल दिया। यात्री की इस अप्रत्याशित हरकत से विमान को निष्क्रिय करना पड़ा, जिसके चलते एयरपोर्ट अधिकारियों को मुख्य रनवे बंद करना पड़ा। इस घटना के कारण कई उड़ानें लेट हुईं और कुछ को डायवर्ट भी करना पड़ा।
पैसेंजर गिरफ्तार, रनवे बंद, उड़ानें डायवर्ट
उस यात्री को CISF और स्थानीय पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। मुख्य रनवे 1 घंटे 10 मिनट तक बंद रहा, जिसकी वजह से दोहा और दुबई जाने वाली उड़ानें 38 मिनट तक लेट हो गईं।
लंदन से आ रही एक ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट को बेंगलुरु भेजना पड़ा। एयरपोर्ट कर्मचारियों ने दूसरे रनवे का इस्तेमाल करके कुछ उड़ानों का संचालन किया और सुबह 4:30 बजे तक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।