दिल्ली नगर निगम के उपायुक्त अभिषेक मिश्रा रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथ पकड़ा
क्या है खबर?
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने लाइसेंसिंग विभाग से जुड़े कथित 4 लाख रुपये के रिश्वत मामले में दिल्ली नगर निगम (MCD) के वरिष्ठ अधिकारी को गिरफ्तार किया है। अधिकारी की पहचान लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा के रूप में हुई है, जो शाहदरा उत्तर,MCD में उपायुक्त के तौर पर तैनात थे। केंद्रीय एजेंसी ने मिश्रा को रिश्वत की मांग की सूचना मिलने के बाद गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
घटना
क्या है मामला?
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसी को शिकायत मिली थी कि लेखा अधिकारी दिव्यांशु गौतम ने एक लाइसेंस निरीक्षक से कथित तौर पर 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें उपायुक्त के शामिल होने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद केंद्रीय टीम ने जाल बिछाया और दोनों अधिकारियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। CBI ने अभी इस संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं दी है। वह मंगलवार को विस्तृत बयान साझा कर सकती है।
सजा
पूर्व आयकर अधिकारी को 6 महीने की जेल
इस बीच, महाराष्ट्र के ठाणे स्थित एक विशेष CBI अदालत ने एक पूर्व आयकर अधिकारी को 19 साल पुराने रिश्वत के आरोप में 6 महीने की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी दीनानाथ कृष्ण पुत्रन (77) पर एक व्यक्ति से कर सुरक्षा मूल्यांकन को अंतिम रूप देने के लिए 20,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप है। उस पर 4,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। यह मुकदमा 18 साल से अधिक समय तक चला था।