तेलंगाना: रात के अंधेरे में कुएं में गिरी कार, 4 की दर्दनाक मौत
तेलंगाना के सिद्धिपेट जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में राजू, उनकी पत्नी भाग्य और उनके 2 छोटे बच्चे शामिल थे।
बुधवार देर रात उनकी कार अचानक एक कुएं में जा गिरी। ये सभी एक रिश्तेदार के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव बालवंतपुर लौट रहे थे।
पुलिस ने कुएं से कार बरामद की
जब परिवार देर रात तक घर नहीं पहुंचा और उनके मोबाइल फोन भी बंद आने लगे, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग की मदद ली और कार को अप्पनपल्ली गांव के पास एक कुएं में ढूंढ निकाला।
हालांकि, जब कार को कुएं से बाहर निकाला गया, तो उसमें सभी चारों लोग मृत मिले। इस दिल दहला देने वाले हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि पता चल सके कि यह दुर्घटना कैसे हुई।