खालिस्तानी आतंकवादी पन्नू के 2 गुर्गे दिल्ली में गिरफ्तार, गणतंत्र दिवस पर लगाए थे पोस्टर
क्या है खबर?
दिल्ली में कनाडा स्थित खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू से जुड़े 2 गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर भारत का माहौल बिगाड़ने का आरोप है। दोनों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तिलक नगर से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरत के रूप में हुई है। बलजिंदर एम्बुलेंस चालक है, जबकि रोहित उसका सहयोगी है। पन्नू ने वीडियो में बताया था कि उसके स्लीपर सेल ने रोहिणी-डाबरी में खालिस्तान समर्थक पोस्टर लगाए हैं।
लालच
पन्नू ने दिया था 2 लाख रुपये का लालच
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पन्नू ने आरोपियों 26 जनवरी पर गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में "खालिस्तान जिंदाबाद" लिखने के लिए 2 लाख रुपये का लालच दिया था। पूरी साजिश कनाडा से रची गई थी और कनाडा में पन्नू के करीबी सहयोगी ने बलजिंदर और रोहित को काम के लिए चुना था। बताया जा रहा है कि बलविंदर 26 जनवरी से कुछ दिन पहले कनाडा गया था और पन्नू के सीधे संपर्क में था।
मामला
मामला दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने बताया कि SFJ के आतंकवादी पन्नू समेत तीनों के खिलाफ 26 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी में अशांति फैलाने की धमकी देने के आरोप में FIR दर्ज की है। साथ ही, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (शत्रुता को बढ़ावा देना), 197 (राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक आरोप), 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्य) और 61 (आपराधिक षड्यंत्र) की धाराएं लगाई गई हैं। मामले की जांच जारी है।