बेंगलुरु FDA की लग्जरी होटलों छापेमारी, मिला सड़ा हुआ खाना
बेंगलुरु के खाद्य और औषधी प्रशासन (FDA) ने हाल ही में 26 लक्जरी होटलों में अचानक छापेमारी की है। यह छापेमारी तब की गई, जब लोगों ने खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं। जांच के दौरान कई आलीशान होटलों में पुराना खाना, फफूंद लगी सड़ी हुई सब्जियां और बिना ठीक से लेबलिंग वाले प्रोडक्ट मिले। FDA ने संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBO) को नोटिस जारी किए हैं और खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
होटलों में पुराना खाना और गलत लेबलिंग का मामला
बड़े नामी होटलों में भी गड़बड़ियां मिलीं। 'द ललित' अशोक में 32 लीटर पुराना दूध पकड़ा गया, वहीं 'रैडिसन ब्लू द एट्रियम' में 105 किलो पुराना सामान जप्त किया गया। इसके अलावा ताज यशवंतपुर से भी 72 किलो मांस और मछली जप्त की गई। इतना ही नहीं, कई और गड़बड़ियां भी सामने आईं, जैसे शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग-अलग नहीं रखा जा रहा था और लेबलिंग के नियमों की अनदेखी की जा रही थी। FDA की टीमों ने जांच के लिए खाने के नमूने भी इकट्ठा किए हैं, ताकि लैब टेस्ट के बाद साफ हो सके कि स्थिति कितनी गंभीर है।