पश्चिम बंगाल में 6 करोड़ लोगों के लिए 5 लाख का स्वास्थ्य कवच, 'आयुष्मान दिवस' का हुआ आगाज
पश्चिम बंगाल के लिए यह एक बड़ी खबर है। केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना 'आयुष्मान भारत' अब राज्य में 'आयुष्मान दिवस' के तौर पर शुरू की जाएगी। इस कदम से लगभग 6 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलने की उम्मीद है। कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में इस योजना का शुभारंभ कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के शामिल होने की उम्मीद है।
बंगाल के परिवारों को 5 लाख रुपये तक का इलाज कवर मिलेगा
इस योजना के तहत हर परिवार को सालाना 5 लाख रुपये तक का कवर मिलेगा। इसमें अस्पताल में भर्ती होने, दवाएं और जांच सब शामिल होंगी। यह कवर पहले से मौजूद बीमारियों के इलाज पर भी लागू होगा। यह सुविधा बंगाल के 1,930 सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध रहेगी। यदि आप राज्य से बाहर काम कर रहे हैं या यात्रा पर हैं, तो देश भर के 40,000 से ज्यादा अस्पतालों में भी आप इसका फायदा उठा सकते हैं। पुरानी योजनाओं से इस नई योजना में आसानी से बदलाव हो सके, इसके लिए 3 महीने का समय दिया जाएगा, ताकि किसी को भी इलाज में कोई परेशानी न हो।