'वेलकम टू द जंगल' का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा, दिशा पाटनी के नाम दर्ज नया रिकॉर्ड
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' (वेलकम 3) सिनेमाघरों में रिलीज होते ही छा गई है। फिल्म ने न केवल दर्शकों का दिल जीता है, बल्कि दूसरे दिन बढ़िया कमाई भी की है। इस धमाकेदार कारोबार ने फिल्म की मुख्य अभिनेत्री दिशा पाटनी के नाम भी एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करा दिया है। दर्शकों से मिल रहे भरपूर प्यार के चलते फिल्म की कमाई की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है।
कमाई
'वेलकम टू द जंगल' ने 2 दिन में भारत में बटोरे इतने
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन यानी शनिवार को 20 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। इस दिन फिल्म को देशभर में 10,000 शोज मिले। अगर शुरुआत से बात करें, तो फिल्म ने पेड प्रिव्यू (रिलीज से पहले के शोज) से 3.75 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि पहले दिन (शुक्रवार) इसका कलेक्शन 15.25 करोड़ रुपये रहा। इस तरह दो दिनों में फिल्म का कुल कारोबार भारत में 39 करोड़ रुपये पहुंच गया।
रिकॉर्ड
दिशा पाटनी की 5वीं सबसे कमाऊ फिल्म
'वेलकम टू द जंगल' दिशा पाटनी की 5वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। उनकी 'बागी 2', 'एमएस धोनी', 'मलंग' और 'एक विलेन रिटर्न्स' उनसे आगे हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में 30 से ज्यादा कलाकार हैं। इसके गाने भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं, खासकर अक्षय कुमार और अक्षरा सिंह का भोजपुरी डांस नंबर। फिल्म की कहानी से कहीं ज्यादा इसके कलाकारों के अभिनय की तारीफ हो रही है।