इमरान हाशमी के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी, 'आवारापन 2' के बाद आएगी 'जन्नत 3'
विशेष भट्ट ने पुष्टि की है कि सुपरहिट फिल्म 'जन्नत 3' पर काम शुरू हो चुका है। पहली फिल्म के लगभग 2 दशक बाद आ रहे इस सीक्वल की स्क्रिप्ट फिलहाल लिखी जा रही है। विशेष भट्ट के अनुसार, उनकी फिल्म 'आवारापन' के बाद 'जन्नत 3' पर काम आगे बढ़ेगा। 'जन्नत' में इमरान हाशमी के किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया था, ऐसे में इस फ्रेंचाइजी के अगले भाग की खबर इमरान के प्रशंसकों के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है।
'आवारापन 2' के बाद 'जन्नत 3' लेकर आ रहे विशेष भट्ट
साल 2008 में रिलीज हुई 'जन्नत' में अर्जुन दीक्षित नाम के एक जुआरी की कहानी दिखाई गई थी, जो अपराध और प्यार के चक्कर में फंस जाता है। इस फिल्म के गाने बेहद लोकप्रिय हुए थे और आज भी पसंद किए जाते हैं। इसके बाद साल 2012 में 'जन्नत 2' आई, जिसमें इमरान हाशमी ने एक बार फिर मुख्य भूमिका निभाई।
विशेष भट्ट अब 'आवारापन 2' जैसे अपने व्यक्तिगत प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ा रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि वे ऐसी दमदार कहानियों को दोबारा पर्दे पर लाने में दिलचस्पी रखते हैं, जो दर्शकों के दिलों को छू सकें, भले ही इसमें थोड़ा वक्त ही क्यों न लग जाए।