मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ईए राजेंद्रन का निधन, बीमारी से थे पीड़ित
क्या है खबर?
मलयालम सिनेमा जगत से दुखद खबर आई है कि दिग्गज अभिनेता ईए राजेंद्रन का निधन हो गया। बताया जाता है कि 71 वर्षीय अभिनेता लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। 26 मार्च की तड़के राजेंद्रन ने केरल के कोल्लम के पट्टाथनम स्थित अपने आवास पर आखिरी सांस ली। यह जानकारी बाहर आने के बाद से सिनेमा जगत में गम के बादल छा गए हैं और फैंस उन्हें सोशल मीडिया पर अंतिम विदाई दे रहे हैं।
खुलासा
ईए राजेंद्रन ने किया था बीमारी का खुलासा
पिछले साल यूट्यूब चैनल मेनस्ट्रीम वन को दिए इंटरव्यू में, राजेंद्रन ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात की थी और बताया था कि इन दिक्कतों से निपटने के लिए उन्होंने अपना वजन कम किया। अभिनेता ने कहा था, "मैंने डॉक्टर की सलाह पर अपने शुगर लेवल को नियंत्रित करने के लिए वजन कम किया। उम्र भी अपना असर दिखा रही है, और मुझे सावधानी बरतनी होगी।" राजेंद्रन अपने पीछे पत्नी संध्या राजेंद्रन और बेटे को छोड़ गए हैं।
परिचय
ईए राजेंद्रन के बारे में जानिए
राजेंद्रन ने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (FTII) से पढ़ाई की थी और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से ग्रेजुएट थे। उन्हें सिनेमा के बहुमुखी कलाकार के रूप में जाना जाता था, जिन्होंने 60 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। कभी विलेन बनकर, तो कभी सूक्ष्म चरित्र किरदारों को निभाकर उन्होंने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। उनकी यादगार फिल्माें में 'पट्टाभिषेकम', 'कलियट्टम' और 'प्रणयवर्णंगल' जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा टीवी जगत में भी अपनी खास पहचान बनाई थी।