
'जुग जुग जियो' से लेकर 'बवाल' तक, ये हैं वरुण धवन की आने वालीं फिल्में
क्या है खबर?
निर्देशक डेविड धवन के बेटे और अभिनेता वरुण धवन ने फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से अभिनय की दुनिया में सफल शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक कई हिट फिल्में दीं।
वरुण ना सिर्फ एक अच्छे एक्टर, बल्कि एक बेहतरीन डांसर भी हैं और अपनी फिल्मों में उन्होंने यह साबित भी किया है। आज यानी 24 अप्रैल को वरुण अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं।
आइए उनकी आने वालीं पांच फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।
#1
जुग जुग जियो
वरुण की फिल्म 'जुग जुग जियो' सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसमें उनकी जोड़ी कियारा आडवाणी के साथ बनी है। फिल्म में वरुण के साथ नीतू कपूर और अनिल कपूर भी नजर आएंगे।
इसके जरिए पहली बार दोनों की जोड़ी बड़े पर्दे पर दिखने वाली है। इसमें प्रजाक्ता कोली भी दिखेंगी। फिल्म के निर्माता करण जौहर हैं।
राज मेहता के निर्देशन में बनी फैमिली ड्रामा फिल्म 'जुग जुग जियो' इस साल 24 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
#2
भेड़िया
'भेड़िया' में कृति सैनन, वरुण की जोड़ीदार बनी हैं। दोनों की जोड़ी पहले फिल्म 'दिलवाले' में दिख चुकी है। अमर कौशिक इस 'भेड़िया' के निर्देशक हैं। इस कॉमेडी हॉरर फिल्म के प्रोडक्शन का काम दिनेश विजन ने संभाला है।
दीपक डोबरियाल और अभिषेक बनर्जी भी इसका हिस्सा हैं। फिल्म इसी साल 25 नवंबर को दर्शकों के बीच आने वाली है।
इस फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था, जो काफी डरावना था। 'भेड़िया' में वरुण एक राक्षस की भूमिका निभाएंगे।
#3
बवाल
पिछले महीने ही वरुण की फिल्म 'बवाल' का ऐलान हुआ। इसमें वह जान्हवी कपूर के साथ रोमांस करते दिखाई देंगे। नितेश तिवारी इस फिल्म के निर्देशक हैं, वहीं साजिद नाडियाडवला फिल्म का निर्माण कर रहे हैं।
नितेश के साथ वरुण की यह पहली फिल्म है, जबकि साजिद के साथ वरुण पहले भी 'जुड़वां 2' और 'ढिशुम' में काम कर चुके हैं। दोनों 'बवाल' के जरिए तीसरी बार साथ आ रहे हैं।
यह फिल्म 7 अप्रैल, 2023 को सिनेमाघरों में आएगी।
#4
इक्कीस
वरुण अपने करियर की पहली बायोपिक 'इक्कीस' में नजर आएंगे, जो युद्ध नायक अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। यह पहला मौका होगा, जब वरुण भारतीय सेना की वर्दी में दिखेंगे।
फिल्म के निर्देशन की कमान श्रीराम राघवन संभाल रहे हैं, जो इससे पहले वरुण संग फिल्म 'बदलापुर' में काम कर चुके हैं।
इस फिल्म में वरुण के काम और समर्पण से राघवन काफी प्रभावित थे। इसी वजह से उन्होंने दोबारा वरुण के साथ काम करने का फैसला किया।
#5
निर्देशक एटली की फिल्म
वरुण जल्द ही साउथ के मशहूर निर्देशक एटली की फिल्म में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। एटली अपनी फिल्म 'थेरी' के हिंदी रीमेक के लिए वरुण को कास्ट करने वाले हैं।
यह तमिल एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जो 2016 में रिलीज हुई थी। एटली पिछले काफी समय से इस फिल्म को लेकर वरुण के संपर्क में थे और अब जाकर इस पर काम शुरू हुआ है।
फिल्म में वरुण के साथ किसी टॉप हीरोइन को लेने की बात चल रही है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
अमेरिकी साइंस फिक्शन ड्रामा टीवी सीरीज 'सिटाडेल' का हिंदी वर्जन भी वरुण के खाते से जुड़ा है। इसके निर्देशन की जिम्मेदारी मशहूर निर्देशक जोड़ी राज और डीके को सौंपी गई है। इस सीरीज में वरुण की जोड़ी सामंथा रुथ प्रभु के साथ बन सकती है।