LOADING...
'ओपेनहाइमर' से पहले सच्ची कहानी बताती इन फिल्मों ने जीता ऑस्कर, OTT पर है मौजूद 
सच्ची कहानी पर आधारित ये फिल्में जीत चुकी हैं ऑस्कर

'ओपेनहाइमर' से पहले सच्ची कहानी बताती इन फिल्मों ने जीता ऑस्कर, OTT पर है मौजूद 

लेखन मेघा
Mar 11, 2024
11:44 am

क्या है खबर?

सिनेमा जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह में शुमार 96वें अकादमी पुरस्कारों का ऐलान हो चुका है। इस बार ऑस्कर में क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'ओपेनहाइमर' का दबदबा रहा और यह अलग-अलग श्रेणियों में 7 पुरस्कार अपने नाम करने में सफल रही है। परमाणु बम के जनक अमेरिकी भौतिक विज्ञानी जे. रॉबर्ट ओपेनहाइमर की कहानी कहती इस फिल्म को दर्शकों ने भी खूब प्यार दिया। ऐसे में आइए असली कहानी पर आधारित ऑस्कर विजेता फिल्मों के बारे में जानते हैं।

#1

'ए ब्यूटीफुल माइंड'

रॉन हावर्ड की 2001 में आई मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म 'ए ब्यूटीफुल माइंड' उस साल की सबसे शानदार फिल्म थी, जिसे दर्शकों ने बेशुमार प्यार दिया था। यह नोबेल पुरस्कार विजेता जॉन नैश के जीवन पर आधारित थी, जो पैरानॉयड सिजोफ्रेनिया से पीड़ित हो जाते हैं। वह आखिर में अपने सभी संघर्षों पर जीत हासिल कर परेशानियों से मुक्त होते हैं। अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म सहित अलग-अलग श्रेणियों में 4 ऑस्कर मिले थे।

#2

'12 इयर्स ए स्लेव'

स्टीव मैक्वीन के निर्देशन में बनी फिल्म '12 इयर्स ए स्लेव' एक ऐतिहासिक ड्रामा है, जिसमें अश्वेत व्यक्ति सोलोमन नॉर्थअप की कहानी दिखाई गई है। दरअसल, सोलोमन को 1841 में नशीला पदार्थ देकर अपहरण किया गया था और फिर बंधुआ गुलामी के लिए बेच दिया था। इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म के साथ ही सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का ऑस्कर पुरस्कार मिला था। अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद यह फिल्म सोलोमन का संघर्ष दिखाती है।

#3

'गांधी'

रिचर्ड एटनबरो के निर्देशन में बनी 'गांधी' (1982) की गिनती आज भी सबसे बेहतरीन फिल्मों में की जाती है। फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता बेन किंग्सले ने महात्मा गांधी का किरदार निभाया था तो बॉलीवुड अभिनेत्री रोहिणी हट्टंगड़ी, कस्तूरबा गांधी की भूमिका में दिखी थीं। इसमें बापू के साउथ अफ्रीका से भारत में अंग्रेजों के खिलाफ आवाज उठाने तक की कहानी दिखाई गई है। नेटफ्लिक्स पर मौजूद इस फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म, निर्देशक, एडिटिंग, आर्ट डायरेक्शन सहित 8 ऑस्कर जीते थे।

#4 और #5

'द लास्ट एम्परर' और चेरियट्स ऑफ फायर

1987 में आई फिल्म 'द लास्ट एम्परर' चीन के अंतिम सम्राट पुई की जिंदगी पर आधारित है। इसका निर्देशन बर्नार्डो बर्तोलुची ने किया था। यह 1987 की सर्वश्रेष्ठ फिल्म के साथ ही अलग-अलग श्रेणियों में 9 ऑस्कर पुरस्कार अपने नाम करने में सफल रही थी। ह्यूग हडसन की 1981 में आई फिल्म 'चेरियट्स ऑफ फायर' हेरोल्ड अब्राहम और एरिक लिडेल की कहानी है, जो 1924 के ओलंपिक में दौड़ते हैं। ये दोनों ही फिल्में अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद हैं।

#6 और #7

'अर्गो' और 'द लाइफ ऑफ एमिल जोला'

2012 में आई फिल्म 'अर्गो' की कहानी CIA एजेंट टोनी मेंडेज की है, जो कनाडाई नागरिकों की ईरान से भागने में मदद करता है। फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म, एडिटिंग और सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा का ऑस्कर जीता था। ये फिल्म MX प्लेयर पर मौजूद है। फिल्म 'द लाइफ ऑफ एमिल जोला' 19वीं सदी के फ्रांसीसी लेखक एमिल जोला की जिंदगी पर आधारित है, जिसमें पॉल मुनि मुख्य भूमिका में थे। ऑस्कर विजेता यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।