
तनुश्री दत्ता कभी रहीं मॉडलिंग स्टार, शोहरत की बुलंदियों से अध्यात्म तक; कैसा रहा सफर?
क्या है खबर?
अभिनेत्री तनुश्री दत्ता अपने उस वीडियो को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें रोते-रोते उन्होंने अपने साथ हो रहे शोषण के बारे में बताया और मदद की गुहार लगाई। पहली ही फिल्म से देशभर के दर्शकों को अपना दीवाना बनाने वाली तनुश्री का हाल देख उनके प्रशंसक हैरान-परेशान हैं। चकाचौंध की दुनिया में शोहरत अगर कमा लें तो लंबे समय तक उसका टिक पाना मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही कुछ हुआ था तनुश्री के साथ। एक नजर उनके सफरनामा पर।
मॉडलिंग
मॉडलिंग की दुनिया में खूब कमाया नाम
तनुश्री का जन्म 19 मार्च 1984 को झारखंड के जमशेदपुर में हुआ था। वह बंगाली हिंदू परिवार से आती हैं। ग्रेजुएशन के दौरान ही तनुश्री मॉडलिंग करने लगी थीं उन्होंने अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी। साल 2004 में फेमिना मिस इंडिया यूनिवर्स का खिताब जीतकर तनुश्री ने पहली बार मॉडलिंग जगत में सुखियां बटोरी थीं। इसके बाद तनुश्री ने 2004 की मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जहां वो शीर्ष 10 में शामिल रहीं।
लोकप्रियता
पहली ही फिल्म से 'आशिकी गर्ल' नाम से हुईं मशहूर
मॉडलिंग की दुनिया में धमाका करने के 1 साल बाद ही तनुश्री ने अभिनय जगत का रुख किया और पहली ही फिल्म से दर्शकों को अपना 'आशिक' बना लिया। साल 2005 में इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म 'आशिक बनाया आपने' से तनुश्री ने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी। इस फिल्म में उनके बोल्ड दृश्यों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। यही फिल्म थी, जिसने उन्हें इंडस्ट्री में 'आशिकी गर्ल' नाम से मशहूर किया था।
फिल्में
तनुश्री की आखिरी फिल्म
इसके बाद तनुश्री ने 'चॉकलेट: डीप डार्क सीक्रेट्स' (2005), 'भागम भाग' (2006), 'ढोल' (2007) और 'सास बहू और सेंसेक्स' (2008) जैसी कई फिल्मों में भी काम किया। बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ फिल्मों भी उन्होंने अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन जो प्रसिद्धि तनुश्री को उनकी पहली फिल्म ने दिलाई, वो शोहरत उन्हें कोई फिल्म या किरदार नहीं दिला पाया। आज भी 'आशिक बनाया आपने' की 'आशिकी गर्ल' से लोग उन्हें पहचानते हैं। तनुश्री की आखिरी फिल्म साल 2010 में आई 'अपार्टमेंट' थी।
अध्यात्म
काम से ब्रेक लेकर किया अध्यात्म का रुख
तनुश्री की आखिरी टीवी सीरीज साल 2013 में आई 'सुपरकॉप वर्सेज सुपर विलेन' थी। इसके बाद वह कुछ समय के लिए अमेरिका भी शिफ्ट हो गई थीं और अचानक लाइमलाइट से दूर हो गई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, काम से ब्रेक लेने के बाद तनुश्री ने धर्म और अध्यात्म की तरफ रुख कर लिया था। डिप्रेशन के चलते उन्होंने अपने शुरुआती डेढ़ साल एक आश्रम में बिताए थे। इसके बाद उन्होंने लद्दाख में जाकर बौद्ध ध्यान-संबंधी श्वास तकनीक सीखी।
कारण
...जब तनुश्री ने बताई थी फिल्मों से दूर होने की वजह
फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो जाने के बाद तनुश्री एक समय काफी चर्चा में रही थीं। यह तब की बात है, जब उन्होंने अभिनेता नाना पाटेकर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए भारत में मीटू अभियान की शुरुआत की थी। साल 2013 में तनुश्री ने बताया था कि फिल्म 'हॉर्न ओके' के सेट पर उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ था, जिसके चलते उन्होंने काम से दूरी बना ली थी। तनुश्री फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री पर भी संगीन आरोप लगा चुकी हैं।