सूरज सिंह ने जीता 'क्वाटल किचन सीजन 2' का खिताब, दिग्गजों को पछाड़ अपने नाम की शो की ट्रॉफी
सूरज सिंह ने कुकिंग रियलिटी शो 'क्वाटल किचन सीजन 2' का ग्रैंड फिनाले जीतकर ट्रॉफी और मुख्य इनाम अपने नाम कर लिया है। अपनी बेहतरीन रचनात्मकता और हाजिर-जवाबी के लिए लोकप्रिय इस शो की मेजबानी सुश्मा के राव ने की, जबकि मेघना राज और शेफ कौशिक शंकर ने जज की भूमिका निभाई। सूरज ने कड़े मुकाबले में निर्देशक ओम प्रकाश राव, अभिनेत्री मेघा, 'बिग बॉस' फेम रक्षिता शेट्टी और अभिनेता भविष जैसे दिग्गजों को पछाड़कर ये खिताब अपने नाम किया।
भविष बने रनर अप
सूरज के शांत दिमाग और जबरदस्त कुकिंग स्टाइल ने उन्हें इस शो का चैंपियन बना दिया। विजेता के रूप में उन्हें खूबसूरत ट्रॉफी के साथ 3 लाख रुपये नकद और ढेरों तोहफे का एक हैम्पर मिला, वहीं कड़े मुकाबले के बाद अभिनेता भविष रनर अप रहे और उन्हें 1 लाख रुपये का इनाम दिया गया। अपनी इस शानदार जीत का श्रेय देते हुए सूरज ने कहा कि खाना पकाने का उनका जुनून और पूरे क्रू का समर्थन ही उन्हें इस मुकाम तक ला पाया।