'रामायण' के गाने का लॉन्च इवेंट रद्द, आखिर क्यों टालना पड़ा नवरात्रि का बड़ा कार्यक्रम?
क्या है खबर?
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण पार्ट 1' जल्द ही दुनियाभर में रिलीज होने वाली है। इसी बीच रविवार, 11 अक्टूबर को महाराष्ट्र के रामटेक में इस फिल्म के एक गाने का लॉन्च इवेंट आयोजित होने वाला था। हालांकि, नवरात्रि के पहले दिन होने वाले इस इवेंट को टाल दिया गया है। ये फैसला महाराष्ट्र में पड़े भीषण सूखे के बीच लिया गया है, जिससे किसानों को राहत पहुंचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है।
घोषणा
इंस्टाग्राम पर की गई थी इसकी घोषणा
स्थानीय विधायक आशीष जायसवाल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें रामायण की टीम के साथ होने वाले भव्य इंटरैक्शन प्रोग्राम को टालने की घोषणा की गई थी।
हालांकि, अब ये वीडियो उपलब्ध नहीं है। पोस्ट के कैप्शन में जायसवाल ने लिखा, 'हम आप सभी को बताना चाहते हैं कि 11 अक्टूबर को रामटेक में होने वाला 'रामायण' की पूरी टीम के साथ एक बड़ा कार्यक्रम कुछ जरूरी वजहों से टाल दिया गया है।'
पोस्ट
रामायण की टीम भी किसानों की मदद से लिए तैयार
पोस्ट में आगे लिखा गया, 'इस कार्यक्रम का उद्देश्य रामटेक की भूमि के महत्व को उजागर करना था, जिसे भगवान श्री रामचंद्र के चरणों के स्पर्श से पवित्र किया गया था।'
उन्होंने बताया कि मौजूदा हालात में किसानों की मदद करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जयसवाल ने आगे कहा कि फिल्म की टीम ने किसानों की मदद करने की इच्छा जताई थी।
उन्होंने उन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस इवेंट का प्रचार किया था।
जानकारी
'रामायण' की टीम की तरफ से नहीं आई कोई जानकारी
इस इवेंट के टलने के बाद, अभी यह साफ नहीं है कि निर्माता इसे ऑनलाइन रिलीज करेंगे या किसी और लॉन्च इवेंट की योजना बनाएंगे। टीम ने इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।