शिल्पा शिंदे का 'टीवी माफिया' पर फूटा गुस्सा- रास्ते पर सब्जी बेच लूंगी, लेकिन झुकूंगी नहीं
क्या है खबर?
'भाभी जी घर पर हैं' के निर्माता पर लगाए गए यौन शोषण के आरोपों को लेकर चर्चा में चल रहीं शिल्पा शिंदे ने अब अभिनेता शहजादा धामी के मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। शहजादा के करीब 30 लाख रुपये के बकाया भुगतान न मिलने और शिकायत के बावजूद संबंधित निर्माता पर कोई कार्रवाई न होने की खबरों पर शिल्पा का गुस्सा फूटा है। टीवी 'माफिया' को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने इस पूरे सिस्टम पर गहरा आक्रोश जताया है।
दो टूक
"ये टीवी निर्माता माफियागिरी करते हैं"
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में शिल्पा ने कहा, "टीवी जगत के निर्माता माफियागिरी करते हैं। टीवी इंडस्ट्री में एक 'व्हाइट कॉलर माफिया' काम कर रहा है। जो निर्माता इस सिस्टम का साथ नहीं देते या सहयोग नहीं करते, उन्हें भी धमकाया जाता है। उन्हें कथित तौर पर ये कहकर डराया जाता है कि अगर भविष्य में उनके साथ कुछ भी गलत हुआ तो कोई उनका साथ नहीं देगा और उनका काम या शो बंद करवा दिया जाएगा।"
गुस्सा
ढोंग करने वालों पर भड़कीं शिल्पा
शिल्पा ने उन लोगों पर भी तीखा तंज कसा जो कलाकारों के जिंदा रहते तो उनका साथ नहीं देते, लेकिन उनके निधन के बाद शोक मनाने आ जाते हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, "कलाकारों का साथ कौन देगा? आप किसी के मरने के बाद इंस्टाग्राम पर आकर रो रहे हो। आप लोग वही हो जो मोमबत्ती लेकर मरने के बाद आ जाते हो और बेमतलब की फुटेज खाते हो।"
भड़ास
"क्या किसी में मेरी तरह सच बोलने की हिम्मत है?
गुस्से में लाल शिल्पा ने आगे दावा किया कि उनके विवाद के दौरान किसी ने भी उनका साथ नहीं दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी और में उस तरह सच बोलने की हिम्मत है, जिस तरह उन्होंने दिखाई थी। उन्होंने कहा, "मैंने ये पैसों के लिए नहीं किया। आवाज उठाने के अलावा मेरे पास और कोई रास्ता नहीं बचा था और ये स्थिति मुझे आत्महत्या जैसे खतरनाक कदम उठाने के लिए भी मजबूर कर सकती थी।"
चैलेंज
शिल्पा की टीवी इंडस्ट्री को खुली चुनौती
शिल्पा ने कहा कि उन्हें पता है कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से बोलने का फैसला क्यों किया। वाे बोलीं, "मुझे नहीं काम करना है आप लोगों के साथ, चाहिए भी नहीं मुझे। घटिया काम करते हो आप। रचानात्मकता बची ही नहीं है, सब बकवास शोज करते हो आप लोग। इस तरह के घटिया कलाकार हैं इस इंडस्ट्री में, आप इसमें काम करना चाहते हो? मुझे करना ही नहीं है। रास्ते पर सब्जी बेचूंगी पर ऐसे लोगों की नहीं चाटूंगी मैं।"