
बॉलीवुड की इन फिल्मों की याद दिलाती है शाहरुख खान की 'जवान'
क्या है खबर?
शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' गुरुवार को पर्दे पर रिलीज हो गई है, जिसका काफी समय से इंतजार हो रहा था।
सिनेमाघरों में इसकी बानगी भी देखने को मिली और फिल्म ने पहले दिन जमकर कमाई की।
फिल्म देखकर आए दर्शक इसकी खूब चर्चा कर रहे हैं। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि फिल्म में बॉलीवुड की कई दूसरी फिल्मों की झलक दिखाई देती है।
आइए, देखते हैं 'जवान' किन फिल्मों की याद दिलाती है।
#1
'स्वदेस'
'जवान' में शाहरुख ने एक महिला जेल के जेलर आजाद की भूमिका निभाई है। आजाद का पालन-पोषण इसी जेल की पूर्व जेलर ने किया, जिसका नाम कावेरी है। आजाद उन्हें कावेरी अम्मा कहता है।
कावेरी अम्मा फिल्म स्वदेश में शाहरुख के किरदार की मां का नाम था। यह अपने आप में एक यादगार किरदार है, जिससे लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। ऐसे में कई लोग इस नाम का इस्तेमाल करने के लिए 'जवान' की आलोचना भी कर रहे हैं।
#2
'मैं हूं ना'
'जवान' में शाहरुख खान एक बार फिर एक सैन्य अफसर बने नजर आए हैं। सेना की वर्दी में जब वह पर्दे पर आते हैं, तो दर्शकों के जहन में सहज ही 'मैं हूं ना' के मेजर राम की झलक आ जाती है।
2004 की फिल्म 'मैं हूं ना' शाहरुख की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फिल्मों में शुमार है। फिल्म में वह मेजर राम की भूमिका में नजर आए थे।
#3
'अ वेडनसडे'
'अ वेडनसडे' बॉलीवुड की बेहतरीन फिल्मों में शुमार है। 'जवान' को देखते हुए ये फिल्म भी याद आती है।
'अ वेडनसडे' में नसीरुद्दीन शाह का किरदार सुरक्षा एजेंसियों को बम धमाकों की धमकी देता है, जिससे हर कोई सकते में आ जाता है। अधिकारियों को खूब नचाने के बाद पता चलता है कि धमकी देने वाला सिर्फ एक आम इंसान है और भ्रष्ट सरकारों की नींद खोल रहा है।
ऐसा ही कुछ 'जवान' में भी नजर आता है।
#4
'चेन्नई एक्सप्रेस'
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। 'जवान' में एक बार फिर से उनकी जोड़ी देखने को मिली और उनकी केमिस्ट्री ने उनकी पछली सभी फिल्मों की याद दिला दी।
खासकर, साड़ी पहने दीपिका का शाहरुख को कुश्ती में हराना दर्शकों को उनकी फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' की याद दिलाने लगा।
रोहित शेट्टी की 'चेन्नई एक्सप्रेस' 2013 में आई थी, जिसमें दीपिका ने एक तमिल लड़की का किरदार निभाया था।
#5
'रब ने बना दी जोड़ी'
फिल्म में नयनतारा और शाहरुख एक्शन करते हुए नजर आए हैं और दोनों के बीच रोमांस भी दिखाई दिया है। आजाद एक चेहरे के साथ नर्मदा (नयनतारा) के दुश्मन हैं और दूसरे चेहरे के साथ उनके प्रेमी।
यह कहानी कुछ-कुछ उनकी ही फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' की याद दिलाती है, जिसमें तानी (अनुष्का शर्मा) अपने ही पति की दो वेशभूषा को दो अलग-अलग व्यक्ति समझती है। बिना मूंछ के वह अपने ही पति को नहीं पहचानती।
पोल