शाहरुख खान और संजय दत्त फिल्म 'राखी' में एक साथ नजर आएंगे
क्या है खबर?
दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान और संजय दत्त की बॉलीवुड में अच्छी फैन फॉलोइंग है। इन दोनों कलाकारों ने फिल्म इंडस्ट्री को कई एतिहासिक फिल्में दी हैं।
अब खबर सामने आ रही है कि ये दोनों कलाकार पहली बार किसी फिल्म में एक साथ मुख्य भूमिका में नजर आ सकते हैं। यह एक बहुभाषी फिल्म होगी, जिसका शीर्षक 'राखी' रखा गया है।
शाहरुख और संजय की जुगलबंदी पहली बार दर्शकों को देखने को मिलेगी।
रिपोर्ट
शाहरुख और संजय कर रहे हैं फिल्म की शूटिंग
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख और संजय 'राखी' में साथ दिखेंगे। सूत्रों की माने तो शाहरुख और संजय फिलहाल मुंबई में इस फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
फिल्म के बारे में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म वायाकॉम 18 के प्रोडक्शन तले कई भाषाओं में बनाई जाएगी।
शाहरुख और संजय ने इससे पहले स्क्रीन स्पेस शेयर किया है, लेकिन वे पूरी फिल्म के लिए साथ नहीं आए हैं।
जानकारी
इन फिल्मों में दोनों ने किया स्क्रीन शेयर
2011 में आई फिल्म 'रा वन' में ये दोनों अभिनेता फिल्म के ओपनिंग सीक्वेंस में थोड़ी देर के लिए साथ नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया था।
इसमें करीना कपूर और अर्जुन रामपाल भी अहम भूमिकाओं में थे।
2007 में आई फिल्म 'ओम शांति ओम' में इन दोनों कलाकारों ने कुछ देर के लिए साथ में एक गाने में डांस किया था। फिल्म का निर्देशन फराह खान ने किया था, जिसमें दीपिका पादुकोण भी दिखी थीं।
कामकाज
इन फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं शाहरुख
शाहरुख के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनकी कई फिल्में रिलीज की कतार में शामिल हैं। वह थ्रिलर फिल्में बनाने के लिए मशहूर 'राज एंड डीके' की आगामी फिल्म में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
निर्देशक संजय लीला भंसाली ने भी शाहरुख के साथ 'इजहार' नाम की एक रोमांटिक फिल्म बनाने की प्लानिंग की है।
अभिनेता सलमान खान की फिल्म 'टाइगर 3' में शाहरुख छोटी, लेकिन एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखने वाले हैं।
वर्कफ्रंट
ये हैं संजय की आने वाली फिल्में
संजय इस साल कई फिल्मों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले हैं। वह जल्द ही फिल्म 'शमशेरा' में दिखाई देंगे। करण मल्होत्रा की इस फिल्म में रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में हैं।
वह पैन इंडिया फिल्म 'KGF चैप्टर 2' में भी दिखने वाले हैं। वह अभिनेता अजय देवगन की फिल्म 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' में दिखाई देने वाले हैं।
फिल्म 'मुन्नाभाई 3' को लेकर भी वह चर्चा में हैं। उन्हें अक्षय कुमार की फिल्म 'पृथ्वीराज' में देखा जाएगा।