विमल इलायची विज्ञापन विवाद: शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को महाराष्ट्र FDA का नोटिस
महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने विमल इलायची के 2024 वाले विज्ञापन को लेकर अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस जारी किया है। दरअसल, विमल ब्रांड का सीधा संबंध पान मसाला से है, जो महाराष्ट्र में पूरी तरह प्रतिबंधित है। FDA के अनुसार, इस विज्ञापन के ज़रिए अभिनेताओं ने परोक्ष रूप से प्रतिबंधित उत्पाद का प्रचार किया है, जिसके चलते उनसे जवाब मांगा गया है।
प्रचार सामग्री हटाने का निर्देश
महाराष्ट्र एफडीए (FDA) ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीनों अभिनेताओं को अपनी वेबसाइटों और सोशल मीडिया अकाउंट्स से विमल इलायची के सभी प्रमोशनल वीडियो और पोस्ट तुरंत हटाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्हें इस ब्रांड का प्रचार पूरी तरह बंद करने को कहा गया है। FDA ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिनों का समय दिया है। जवाब न देने या निर्देश न मानने की स्थिति में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।