सैफ अली खान और फरहान अख्तर ने गुपचुप कर ली पूरी तैयारी, अब होगा महा-धमाका
क्या है खबर?
साल 2001 में आई सुपरहिट फिल्म 'दिल चाहता है' को भला कौन भूल सकता है। अब पूरे 25 साल बाद सैफ अली खान और फरहान अख्तर की ये मशहूर जोड़ी एक बार फिर से साथ काम करने जा रही है। दिलचस्प बात है कि इस बार ये जोड़ी दर्शकों को हंसाने के लिए नहीं, बल्कि डराने और चौंकाने के लिए साथ आ रही है। दोनों कलाकार एक जबरदस्त सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म के लिए साथ आए हैं।
रिपोर्ट
दर्शकों को बांधकर रखने आ रही ये नई सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म
वैराइटी इंडिया के मुताबिक, आधुनिक हिंदी सिनेमा को एक नया रूप देने वाली फिल्म 'दिल चाहता है' के पूरे 25 साल बाद सैफ-फरहान बीच एक नया प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है। सैफ अब रितेश सिधवानी और फरहान के प्रोडक्शन बैनर 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' की एक थ्रिलर फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इससे जुड़ी बड़ी जानकारियां गुप्त रखी गई हैं, पर इतना जरूर है कि ये एक बेहद रोमांचक और बांधकर रखने वाली थ्रिलर फिल्म होगी।
शूटिंग
कब शुरू होगी फिल्म की शूटिंग?
इस फिल्म में सैफ के साथ बॉलीवुड की एक बड़ी अभिनेत्री मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। अभी ये फिल्म अपनी लेखन प्रक्रिया में है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस साल के अंत तक इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी, हालांकि अभी तक इसके निर्देशक का नाम तय नहीं हुआ है। फरहान के साथ अच्छी दोस्ती होने के चलते सैफ ने इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी है। दोनाें फिर साथ काम करने को लेकर काफी उत्साहित हैं।
आगामी फिल्में
सैफ की आने वाली अन्य फिल्में
हाल ही में नेटफ्लिक्स इंडिया की फिल्म 'कर्तव्य' में एक पुलिस अधिकारी के रूप में शानदार अभिनय करने वाले सैफ के पास आगे कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। आने वाले समय में उनकी 2 बड़ी फिल्में रिलीज के लिए कतार में हैं, जिनमें अक्षय कुमार के साथ प्रियदर्शन के निर्देशन में बनने वाली 'हैवान' और भारत के पहले आम चुनाव पर आधारित राहुल ढोलकिया की एक ऐतिहासिक फिल्म शामिल है, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
आने वाले प्रोजेक्ट्स
एक्सेल एंटरटेनमेंट की लाइन में ये फिल्में
दूसरी तरफ एक्सेल एंटरटेनमेंट कई धमाकेदार फिल्मों की तैयारी में जुटा है। ये बैनर 'दिल चाहता है' के एक और स्टार आमिर खान के साथ भी दोबारा काम करने जा रहा है, जिसका निर्देशन आशुतोष गोवारिकर करेंगे। इसमें फरहान भी अहम भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा सनी देओल और ज्योतिका की एक्शन थ्रिलर और राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनने वाली 2 भागों की पौराणिक फिल्म 'कर्ण' और 'मिर्जापुर: द मूवी' भी बैनर की आगामी फिल्मों में शामिल हैं।