बॉक्स ऑफिस पर 'राजा शिवाजी' का जलवा, रितेश देशमुख की फिल्म ने 2 दिन में की रिकॉर्डतोड़ कमाई
रितेश देशमुख की महात्वाकांक्षी मराठी फिल्म 'राजा शिवाजी' बॉक्स ऑफिस पर अपनी सफलता का परचम लहरा रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज के पराक्रम और जीवन पर आधारित इस फिल्म ने महज 2 दिनों में देशभर में 25.25 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर लिया है। हालांकि, पहले दिन की धमाकेदार ओपनिंग के बाद दूसरे दिन कमाई के आंकड़ों में थोड़ी कमी जरूर देखी गई, लेकिन दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक पहुंचे। किसी भी क्षेत्रीय भाषा की फिल्म के लिए इस तरह की मजबूत शुरुआत को वाकई एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मराठी वर्जन ने दिखाई सबसे ज्यादा ताकत
फिल्म की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा मराठी वर्जन से आया, जिसने अब तक 17.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, वहीं हिंदी वर्जन ने दूसरे दिन करीब 4 करोड़ रुपये कमाए और अब तक कुल 8 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। मराठी सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी और बड़े पैमाने पर बनी फिल्म के तौर पर, 'राजा शिवाजी' अब 'सैराट' के 100 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इससे साफ है कि बड़े बजट की क्षेत्रीय फिल्मों के लिए एक नया दौर शुरू हो गया है।