रेमो डिसूजा लेकर आएंगे 'ABCD 3'? सिनेमा में फिर दिखाएंगे डांस की दीवानियत
क्या है खबर?
रेमो डिसूजा सिर्फ कोरियोग्राफी में नहीं, बल्कि फिल्म निर्माता के तौर पर भी अपनी धाक जमा चुके हैं। 2013 में, उन्होंने 'एनी बॉडी कैन डांस' (ABCD) फिल्म बनाकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। इसके बाद सीक्वल और फिर वरुण धवन अभिनीत 'स्ट्रीट डांसर' लेकर आए। हालिया अपडेट के अनुसार, रेमो एक बार फिर डांस की दीवानियत को फिल्मी पर्दे पर दिखाने वाले हैं। उन्होंने एक और डांस फिल्म पर काम शुरू कर दिया है, जिसका संभावित नाम 'ABCD 3' होगा।
निर्माण
फिल्म निर्माण के लिए शानदार विचार तैयार
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में एक सूत्र ने कहा, "इसका निर्माण ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज के अमित चंद्रा करेंगे। रेमो और उनकी टीम ने फिल्म के लिए एक शानदार विचार तैयार किया है। वह फिलहाल पटकथा पर काम कर रहे हैं। रेमो जानते हैं कि जब उन्होंने पिछली डांस फिल्में बनाईं, तब से दर्शकों की पसंद और डांस शैली के प्रति जागरूकता वगैरह सबकुछ काफी बदल गया है। उन्होंने जेनरेशन जेड और जेनरेशन अल्फा के दर्शकों को ध्यान में रखा है।"
फिल्म
फिल्म में वापसी कर सकते हैं ये किरदार
परियोजना पर बात करते हुए सूत्र ने आगे बताया कि यह 'ABCD' की अगली कड़ी हो सकती है। इसलिए, उस फिल्म के किरदार रेमो की अगली फिल्म में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, रेमो या उनकी टीम की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। बता दें, फिल्म 'ABCD' में प्रभु देवा, गणेश आचार्य, केके मेनन, सलमान युसूफ खान, धर्मेश सर (येलांडे), पुनीत पाठक और राघव जुयाल जैसे कई जाने-माने चेहरे नजर आए थे।