रणबीर कपूर की 'रामायण' के 2 वर्जन, सेंसर नियमों के चलते चीन में 33 मिनट कटेगी फिल्म
रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है, लेकिन इसे लेकर एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है। दर्शकों को इस फिल्म के 2 अलग-अलग वर्जन देखने को मिलेंगे। चीन में रिलीज होने वाला वर्जन भारतीय वर्जन की तुलना में 33 मिनट छोटा होगा। ऐसा चीन के सख्त स्थानीय फिल्म नियमों और सेंसरशिप के कारण किया जा रहा है, जहां फिल्मों में अत्यधिक धार्मिक सामग्री और अंधविश्वास दिखाने पर सीमाएं लागू होती हैं।
चीन में नए नाम के साथ आएगी 'रामायण'
चीन में रणबीर कपूर की 'रामायण' को 'रामायण: द लीजेंड ऑफ द प्रिंस' नाम से रिलीज किया जाएगा। इस कदम का मुख्य मकसद वहां भारतीय फिल्मों के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी को फिर से जगाना है। साल 2020 के बाद से चीन में भारतीय फिल्मों का जलवा कुछ कम हुआ है, जबकि इससे पहले 'दंगल' जैसी फिल्मों ने वहां के सिनेमाघरों में जबरदस्त कमाई की थी।
फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), साईं पल्लवी (माता सीता) और यश (रावण) के किरदार में नजर आएंगे। अगर आप इस फिल्म को लेकर उत्साहित हैं तो आपके लिए एक और खुशखबरी है फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने वाला है!